नैनीताल में बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा की मौत, पड़ताल में जुटी पुलिस

शहर के स्टाफ हाउस क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, यहां बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा (उम्र 20) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले की पड़ताल तेज कर दी है. वहीं घटना के मृतक छात्रा के परिवार में मातम छाया हुआ है.

गौर हो कि नैनीताल के स्टाफ हाउस क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब छात्रा ने अपने कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खोला, तो आसपास के लोगों और पड़ोसियों को चिंता हुई. काफी आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा. अंदर का मंजर देख लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई. छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.

कोतवाल हेम चन्द्र पंत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा सकें. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, साथ ही छात्रा के मोबाइल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा. छात्रा नैनीताल के डीएसबी परिसर से बीएससी कर रही थी. बताया जा रहा है कि छात्रा डिप्रेशन में थी और छात्रा ने 12वीं की परीक्षाओं में अपने स्कूल में टॉप किया था.

The post नैनीताल में बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा की मौत, पड़ताल में जुटी पुलिस appeared first on .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *