प्रेम प्रसंग में युवती ने सरेबाजार गटका कीटनाशक, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

हल्द्वानी की एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया. शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. फिलहाल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

घटना शनिवार सुबह नेशनल हाईवे 309, रामनगर-काशीपुर मार्ग के भवानीगंज इलाके की है. यहां एक युवती ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया. जिसके बाद वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही. किसी ने भी युवती को अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की.

इसी दौरान स्थानीय सभासद प्रतिनिधि जफर को घटना की सूचना मिली. सूचना मिलते ही जफर मौके पर पहुंचे. उन्होंने एक अन्य महिला की मदद से बेहोश युवती को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. समय पर मदद मिलने से युवती की जान बचाने की कोशिश की जा सकी. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया.

वहीं, सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची. वरिष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद और महिला उप निरीक्षक राजकुमारी ने अस्पताल पहुंचकर युवती से पूछताछ की. सूत्रों के मुताबिक, घटना से पहले युवती भवानीगंज स्थित एक शोरूम के बाहर पहुंची थी, जहां काशीपुर निवासी एक युवक काम करता है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. घटना से पहले दोनों के बीच फोन पर विवाद भी हुआ था.फिलहाल पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर लिया है. युवक की तलाश शुरू कर दी है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. जिससे घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *