चारधाम यात्रा के लिए हो चुके 10 लाख रजिस्ट्रेशन, सीएम बोले हर व्यक्ति को कराएंगे दर्शन

उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही शुरू हो रही है. इसके लिए व्यवस्थाओं को मुकम्मल कराया जा रहा है, ताकि चारधाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोई दिक्कत ना हो. सीएम धामी ने कहा कि अब तक 10 लाख लोग चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. सरकारी हर एक यात्री को चारधाम के दर्शन कराएगी.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सड़कों के सुदृढ़ीकरण, अवस्थापना सुविधाओं के विकास, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा परिवहन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए है कि यात्रा मार्गों पर सभी मूलभूत सुविधाएं, जैसे पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किए जाएं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड चारधाम की यात्रा राज्य के लिए एक बड़ा अवसर होता है. इस दौरान उत्तराखंड के लोग देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हैं और उनके लिए व्यवस्थाएं करते हैं. चारधाम की यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है, जिसकी तैयारियां साल 2025 में चारधाम की यात्रा संपन्न होने के बाद ही शुरू कर दी गई थी. ऐसे में सड़कों पर विशेष ध्यान देने के साथ ही अन्य अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है. इसके साथ ही आवास की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शन की व्यवस्था और परिवहन की व्यवस्था बेहतर हो इस पर ध्यान दे रहे हैं.

सीएम धामी ने कहा कि पिछले साल चारधाम की यात्रा करीब डेढ़ महीने तक बाधित रही थी, क्योंकि आपदा आई थी. बावजूद इसके 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे. इस बार की चारधाम यात्रा के लिए अभी तक 10 लाख लोग रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं. ऐसे में राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड आने वाले तीर्थ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो. हालांकि, भौगोलिक परिस्थितियों प्रदेश की भिन्न हैं, बावजूद इसके राज्य सरकार का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं की ये यात्रा सुरक्षित हो.

सीएम ने कहा कि जो भी श्रद्धालु उत्तराखंड दर्शन करने आएंगे उनका दर्शन करवाना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है. ऐसे में एक-एक यात्री को दर्शन हो, यह राज्य सरकार सुनिश्चित करेगी. इसके अलावा आपदा एवं परिस्थितियों के अनुसार, प्रशासन यात्रा को लेकर समय-समय पर सूचनाएं भी भेजेगा और जरूरी दिशा निर्देश भी देता रहेगा. सामान्य यात्रा में कोई भी कैपिंग के निर्देश नहीं हैं. ऐसे में जो लोग भी आएंगे उनके दर्शन करने के लिए व्यवस्था की जाएगी. सीएम धामी ने कहा कि गढ़वाल मंडल विकास निगम के जो गेस्ट हाउस हैं, उनमें श्रद्धालुओं की ओर से 5 करोड़ रुपए से अधिक की बुकिंग कराई जा चुकी है. साथ ही कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले वह व्यवस्थाओं को लेकर बैठक करेंगे साथ ही वो दर्शन करने भी जा सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *